सतीश ठाकुर।
मंडी। मंडी जिला की पवित्र देव संस्कृति एक ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है। लगभग 59 वर्षों बाद देवता महादेव चुंजवाला अपने सात पारंपरिक हारों के साथ 15 अक्टूबर को कोठी शालागाड़ से कमरुनाग धाम के लिए भव्य यात्रा पर प्रस्थान करेंगे। यह यात्रा न केवल क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए एक आध्यात्मिक उत्सव होगी, बल्कि स्थानीय लोक परंपरा और संस्कृति का जीवंत प्रदर्शन भी करेगी।
जानकारों के अनुसार, आखिरी बार देवता चुंजवाला वर्ष 1966 में कमरुनाग धाम पहुंचे थे, जब उनके प्रसिद्ध बुरनू गुर नरोत्तम जी का यह अंतिम दफ्तरी दौरा था। तब से लेकर अब तक लगभग छह दशक बीत चुके हैं, और इस वर्ष यह पुनर्मिलन एक दिव्य संयोग के रूप में देखा जा रहा है। कमरुनाग देवता को मंडी ज़िले का प्रधान देव माना जाता है। इन्हें साक्षात नारायण का स्वरूप माना जाता है और विशेष रूप से वर्षा के देवता के रूप में पूजा जाता है। यह जनविश्वास है कि जब तक देव कमरुनाग मंडी नहीं पहुंचते, तब तक मंडी की प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेला आरंभ नहीं होता। इस बार देवता चुंजवाला के आगमन से पहले कई प्रमुख देवता जैसे देव बालू नाग, देव शैटी नाग आदि पहले ही कमरुनाग धाम का दर्शन कर चुके हैं। ऐसे में इस यात्रा को एक विशेष और दुर्लभ आध्यात्मिक संगम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, देवता चुंजवाला इस यात्रा के दौरान कमरुनाग झील में पवित्र शाही स्नान भी कर सकते हैं। यह झील न केवल एक धार्मिक स्थल है, बल्कि इसकी गहराई में अनगिनत भक्तों की आस्थाएँ और इच्छाएँ भी समाहित हैं। हर वर्ष श्रद्धालु यहां अपनी मनोकामनाओं के साथ सुनहरे और चांदी के सिक्के अर्पित करते हैं।इस यात्रा को लेकर थाची घाटी, शालागाड़, और आसपास के गांवों में उत्सव जैसा माहौल है। स्थानीय देव समाज, गुर, कारकून और हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक यात्रा की तैयारियों में जुटे हैं। यह अवसर न केवल धर्म और आस्था का पर्व है, बल्कि हिमाचली देव परंपरा और संस्कृति की स्थायित्व और समर्पण भावना का प्रमाण भी है। 59 वर्षों बाद हो रहा यह दिव्य मिलन क्षेत्र की धार्मिक चेतना और लोक आस्था को एक नई ऊर्जा प्रदान करेगा। श्रद्धालु इस पल को देखने और देवदर्शन करने के लिए बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं। यह यात्रा आने वाले वर्षों के लिए धार्मिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2025 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs