फरेंद्र/बालीचौकी।
यहाँ टैक्सी स्टैंड के समीप तीर्थन नदी पर बना पुल पार्किंग के लिए ही इस्तेमाल हो रहा है। पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण रोजाना करीब 20 से 25 वाहन पुल पर खड़े रहते हैं। इससे पुल से गुजरने वाले वाहनों और पैदल राहगीरों को परेशानी होती है। व्यस्त समय में एक साथ अधिक वाहन खड़े होने पर आवाजाही के लिए जगह भी कम पड़ जाती है।
बाजार में पार्किंग की समस्या के चलते वाहन चालक पुल पर ही वाहन खड़े कर देते हैं।
पुल पर सफाई व्यवस्था को लेकर भी स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। पुल के किनारों पर कचरा जमा होने से राहगीरों को परेशानी होती है। लोगों ने पुल की नियमित सफाई करवाने और यहां वाहनों की पार्किंग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।
चार साल पहले हुआ था 4.69 करोड़ से निर्माण
तीर्थन खड्ड पर 45 मीटर स्पैन, फुटपाथ सहित डबल लेन पुल का शिलान्यास वर्ष 2020 में किया गया था। इसकी लागत करीब 4.69 करोड़ रुपये निर्धारित की गई थी। वर्ष 2022 में निर्माण पूरा होने के बाद पुल को यातायात के लिए खोल दिया गया। अब पुल के निर्माण के करीब चार साल बाद इसका इस्तेमाल पार्किंग के लिए भी हो रहा है।
उधर एसडीएम बालीचौकी बचित्र सिंह ने बताया कि बालीचौकी में पार्किंग की समस्या को देखते हुए प्रशासन उपयुक्त स्थान तलाश रहा है। स्थान उपलब्ध होने पर पार्किंग की व्यवस्था के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे वाहन चालकों को भी सुविधा मिल सके।
If you need any old news please select this date then find.
If you need important news in your email please subscribe for newsletter.
©2026 Snower Samachar. All Rights Reserved. Developed by Artisans Labs